
आम नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण उनके गांवों में ही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा पूरे प्रदेश में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत “प्रशासन गांवों की ओर” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज सरगुजा जिले के जनपद पंचायत लखनपुर परिसर में विकास खण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभागवार कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 35 मांग संबंधी एवं 01 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की गई एवं शेष आवेदनों के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को बीज मिनीकिट का वितरण किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। इसी प्रकार मत्स्य विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को जाल का वितरण किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत बिहान योजना के तहत 06 लखपति दीदियों को सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष श्रीमती शशिकला विक्रम सिंह, जनपद उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका पैकरा, जनपद सदस्य श्री चंदन सिंह, एसडीएम श्री वन सिंह नेताम, जनपद पंचायत सीईओ डॉ. स्वेच्छा सिंह, तहसीलदार श्रीमती अंकिता पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।









