
छायाचित्र प्रदर्शनी, जागरूकता कार्यक्रम एवं कैंडल मार्च के माध्यम से विभाजन की त्रासदी को किया गया स्मरण*
रायपुर, 14 अगस्त 2026/ भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर आज मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के ऑडिटोरियम हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा, संघर्ष और अमानवीय परिस्थितियों से गुजरे लोगों की त्रासदी को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान हुई त्रासदी और आम नागरिकों द्वारा झेली गई पीड़ा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, विदेशी आक्रांताओं के अत्याचार तथा स्वतंत्रता संग्राम में वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से प्राप्त हुई है। देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
श्री धर्मजीत सिंह ने कहा कि भारत विभाजन की विभीषिका हमें इतिहास के उस दौर की पीड़ा का स्मरण कराती है, जब लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इतिहास की इन घटनाओं से सीख लेते हुए हमें आपसी भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत करना चाहिए।
मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई यातनाओं एवं कठिन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाजन की पीड़ा को स्मरण करना केवल इतिहास को जानना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को शांति, सद्भाव और एकता का महत्व समझाना भी है। उन्होंने नागरिकों से देशहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा भारत विभाजन की थीम पर विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, तत्कालीन परिस्थितियों और विस्थापित लोगों की पीड़ा को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन के इतिहास और उस दौर की परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके पश्चात कैंडल मार्च निकालकर भारत विभाजन की त्रासदी में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कैंडल मार्च के माध्यम से शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी, डीएफओ श्री कुमार निशांत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









