
– प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से हर साल होगी अतिरिक्त आमदनी
राजनांदगांव 20 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए न केवल बिजली बिल से राहत का माध्यम बन रही है, बल्कि अतिरिक्त आय का भी नया स्रोत बनकर उभर रही है। जिले के छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत करमरी के सरपंच श्री दीनदयाल साहू ने अपने घर के छत पर सोलर पैलन के माध्यम से प्राकृतिक ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल शून्य कर लिया है। सरपंच श्री दीनदयाल साहू ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी जनपद पंचायत छुरिया के माध्यम से प्राप्त हुई। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अधिकृत वेंडर से संपर्क कर योजना के सभी पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि संयंत्र की कुल लागत लगभग 1 लाख 90 हजार रूपए आई, जिसके लिए उन्होंने ग्रामीण बैंक करमरी से ऋण प्राप्त किया। संयंत्र स्थापित होने के बाद उन्हें शासन से 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे आर्थिक भार काफी कम हो गया। सरपंच श्री साहू ने बताया कि सोलर संयंत्र लगने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल 1200 से 1500 रूपए तक आता था, लेकिन अब उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि उनके घर में बिजली की खपत अपेक्षाकृत कम है, जबकि 3 किलोवाट संयंत्र से पर्याप्त बिजली का उत्पादन हो रहा है। अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है, जिसके बदले उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 4500 से 4600 रूपए की अतिरिक्त आय बिजली विभाग से प्राप्त होगी।
सरपंच श्री दीनदलया साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ देखकर ग्राम पंचायत करमरी के अनेक ग्रामीण भी अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इससे न केवल उनका बिजली बिल कम होगा, बल्कि भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी। श्री साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति अपना अभार व्यक्त किया।









