
Virat Kohli Fitness: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. कोहली इन दिनों बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में मौजूद हैं, जहां वह फिटनेस टेस्ट की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. माना जा रहा है कि उनकी फिटनेस रिपोर्ट के बाद इंग्लैंड दौरे को लेकर तस्वीर और साफ होगी.
चोट से उबर रहे हैं विराट कोहली
विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे. इसी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे. अब इंग्लैंड दौरे से पहले वह पूरी तरह फिट होने की कोशिश कर रहे हैं.
शानदार फॉर्म में हैं विराट
आईपीएल 2026 में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला था. उन्होंने 16 पारियों में 675 रन बनाए और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया.
इंग्लैंड दौरे से पहले विराट की फिटनेस भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. वहीं आयुष म्हात्रे नें विराट कोहली से मुलाकात की और फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया. इस दौरान आयुष को बहुत कुछ सीखने को मिला.
आयुष म्हात्रे ने की खास मुलाकात
इसी दौरान भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाने वाले कप्तान आयुष म्हात्रे ने विराट कोहली से मुलाकात की. युवा बल्लेबाज ने इस खास पल की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की और लिखा, “एक दिग्गज के साथ हुई यह बातचीत हमेशा याद रहेगी.” आयुष की पोस्ट देखते ही क्रिकेट फैंस ने इसे खूब पसंद किया और युवा खिलाड़ी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
आईपीएल में दिखाया था दम
आयुष म्हात्रे ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. हालांकि हैमस्ट्रिंग चोट के कारण उनका सीजन बीच में ही खत्म हो गया. चोटिल होने से पहले वह सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. उन्होंने छह पारियों में 201 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे.
अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के हीरो
म्हात्रे ने हाल ही में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 214 रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से सात विकेट भी हासिल किए. उनके प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.









