
खेल डेस्क । महिला वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने शानदार शतक लगाया और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ 167 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338 रन बनाए थे, लेकिन भारत ने 48.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अब फाइनल में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को सात बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया, भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर सात साल बाद जीत दर्ज की है। नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 49.5 ओवर में 338 रन बनाकर ऑलआउट हुई। जवाब में भारत ने 48.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
भारतीय टीम का फाइनल में मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन के विशाल अंतर से पटखनी दी थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को फाइनल मुकाबला डीवाय पाटिल स्टेडियम पर खेला जाएगा।
भारत की जीत की प्रमुख किरदार। जेमिमा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं और 134 गेंदों में 14 चौके की मदद से नाबाद 127 रन बनाए। जेमिमा ने इस दौरान रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई। वह वनडे वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में शतक लगाने वाली दूसरी महिला बैटर बनीं। जेमिमा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली भारतीय महिला बैटर बनीं। दाएं हाथ की बैटर ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड लेने के बाद कहा कि वो देश को जीत दिलाकर बहुत खुश हैं।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार खेल दिखाते हुए 88 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 88 रन बनाए। कौर ने जेमिमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी की। दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में 9.5 ओवर में 73 रन खर्च करके दो विकेट चटकाए। वहीं 17 गेंदों में तीन चौके की मदद से 24 रन बनाए। ऋचा घोष 16 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाए। अमनजोत कौर ने 8 गेंदों में दो चौके की मदद से नाबाद 15 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में 8 ओवर में 51 रन देकर एक विकेट भी लिया।









