
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के खावड्या डोंगर पर 21 अगस्त को 18 वर्षीय कुणाल चांडगुडे, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की मौत के मामले में iPhone को लेकर हुए विवाद की कहानी पर सवाल उठने लगे हैं. शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि कुणाल ने iPhone की लेने की जिद को लेकर पहाड़ी पर पहुंचा और जान देने की धमकी दी. हालांकि, अब परिवार की ओर से इस दावे को खारिज किया गया है.
कुणाल की मौसी पल्लवी पाटिल ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें iPhone वाली कहानी को अफवाह बताया. उन्होंने कहा कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों को जाने बिना लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे कर रहे हैं.
पुराने वीडियो जांच रही है पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का एंगल भी सामने आया है. Times of India के मुताबिक, पुलिस परिवार के भीतर लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों की जांच कर रही है. घटना से पहले संगीता के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए पुराने वीडियो भी जांच के दायरे में हैं. इनमें उन्होंने रिश्तों में सम्मान और कद्र नहीं मिलने को लेकर बातें कही थीं. आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे के कारण पारिवारिक कलह भी हो सकता है. हालांकि घटना के पीछे किसी भी एक कारण को मान लेना थोड़ा जल्दीबाजी हो सकती है.









