
रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए सात दिवसीय सघन खाद्य जांच एवं जनजागरूकता अभियान शुरू
धमतरी, 18 अगस्त 2026। नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा आगामी रक्षाबंधन पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ थीम पर सात दिवसीय सघन खाद्य जांच एवं जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार यह अभियान 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम दिवस खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला धमतरी की टीम द्वारा थोक मिष्ठान्न निर्माताओं एवं खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण एवं निर्माण की परिस्थितियों का जायजा लिया गया। इस दौरान गोपी डेयरी से खोवा तथा बेसन से निर्मित मिठाइयों के नमूने संकलित किए गए। नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा संबंधित नियमों के प्रति जागरूक करना और जिले में सुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से त्योहारों के दौरान मिष्ठान्न, खोवा, बेसन, दुग्ध एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, नमूना संकलन एवं जनजागरूकता गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं को वर्षा ऋतु में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, खाद्य सामग्री को खुले में रखकर भंडारण अथवा विक्रय नहीं करने, निर्माण में गुणवत्तापूर्ण कच्ची सामग्री का उपयोग करने तथा खाद्य निर्माण एवं विक्रय के दौरान हेड कैप, ग्लव्स सहित आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, उचित तापमान एवं सुरक्षित भंडारण व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लाइसेंसी अथवा पंजीकृत खाद्य कारोबारकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। खरीदारी करते समय खाद्य पदार्थों की पैकिंग, निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि, गुणवत्ता एवं स्वच्छता का ध्यान रखें। खुले में रखी, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार अथवा संदिग्ध गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की खरीद से बचें। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
अभियान के आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूना संकलन तथा उपभोक्ताओं एवं खाद्य कारोबारियों के बीच सुरक्षित खाद्य के प्रति जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ का संदेश सुरक्षित भोजन, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज की दिशा में सामूहिक सहभागिता का आह्वान करता है।/








