
Bihar News: बिहार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पीएनजी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है. लोग अब घर बैठे ही पीएनजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए कंज्यूमर अपने जिले से संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. यह रजिस्ट्रेशन बिल्कुल फ्री होगा.
ये सभी डॉक्यूमेंट्स होंगे जरूरी
- पहचान प्रमाण पत्र ( जैसे- आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट )
- पता प्रमाण पत्र ( बिजली बिल, राशन कार्ड या प्रॉपर्टी टैक्स रसीद )
- ओनरशिप प्रूफ ( प्रॉपर्टी के पेपर्स, सोसायटी अलॉटमेंट लेटर या शेयर सर्टिफिकेट)
- पासपोर्ट साइज फोटो
- किराए पर रहने वाले लोगों के लिए मकान मालिक की एनओसी (NOC) और रेंट एग्रीमेंट की जरूरत होगी.
डॉक्यूमेंट्स अपलोड होने के बाद आगे की प्रक्रिया
वेबसाइट पर सभी डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद उसे वेरिफाई किया जाएगा. इसके बाद एक यूनिक बीपी (बिजनेस पार्टनर) नंबर मिलेगा. यह नंबर आगे की सभी सेवाओं और बिलिंग के लिए जरूरी होगा. इसके साथ ही पीएनजी कनेक्शन के लिए सुरक्षा जमा राशि के रूप में उपभोक्ताओं को 4500 रुपए एक बार में ही जमा करना होगा.
ये सभी कंपनियां दे रहीं पीएनजी कनेक्शन
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बताया कि बिहार में कौन-कौन सी कंपनियां पीएनजी कनेक्शन देगी, इसका फैसला पहले ही कर लिया गया था. पटना में गेल, बांका में एचपीसीएल, बेगूसराय में थिक गैस, गयाजी और नालंदा में आईओएजीपीएल, दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, पश्चिमी चंपारण पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान और सुपौल जिलों में बीपीसीएल और राज्य के बाकी जिलों में आईओसीएल सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी के की ओर से पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं.






