
धमतरी, 18 अगस्त 2026। जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरेतरा, धमतरी में नशामुक्ति आधारित चित्रकला, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम दोपहर 2:15 बजे से आयोजित होगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, इससे बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं एवं विद्यार्थियों से इस महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया है। प्रतियोगिता के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ युवाओं में नशे के विरुद्ध सकारात्मक सोच एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।








