
छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत पूजा चुनाकर को स्वरोजगार के लिए मिला ऋण
राजनांदगांव 12 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा रहा है, ताकि आवेदकों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके। इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर के बजरंगपुर-नवागांव वार्ड क्रमांक 1 निवासी श्रीमती पूजा चुनाकर ने जनदर्शन में स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए ऋण उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदन पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आवेदन की जांच कर पात्रता के आधार पर छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत शीघ्र ऋण स्वीकृत किया गया। योजना के अंतर्गत स्वसहायता समूहों एवं जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत विभागीय अमले द्वारा आवेदन का परीक्षण कर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप स्वरोजगार प्रारंभ करने हितग्राही श्रीमती पूजा चुनाकर के खाते में ऋण की राशि उपलब्ध कराई गई। प्राप्त राशि से श्रीमती पूजा चुनाकर ने फैशन जोन के नाम से कपड़ा दुकान की शुरूआत कर स्वरोजगार की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाया है। श्रीमती पूजा चुनाकर दिव्यांग श्रेणी से संबंधित हैं। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं आत्मनिर्भर बनने का संकल्प उन्हें समाज में एक नई पहचान दिला रहा है। उनका यह प्रयास अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है। श्रीमती पूजा चुनाकर ने जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया है।







