
खेल डेस्क । भारतीय टेस्ट टीम का शुक्रवार (20 जून) से ‘शुभमन का नया दौर शुरू होने वाला है. शुभमन गिल के लिए लीड्स के हेडिंग्ले में होने वाला मुकाबले का पहला दिन बेहद अहम होगा. क्योंकि इस पहले दिन से मैच का एक तरह से टोन सेट हो जाएगा.
वहीं इस मुकाबले में भारतीय टीम में नंबर 3, नंबर 6 के बल्लेबाज के लिए भी सस्पेंस नजर आ रहा है. वहीं एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि टीम इस अहम मुकाबले में 2 स्पिनर वाला तुरुप का इक्का भी चल सकती है.
वैसे रोहित, कोहली, अश्विन के बाद भारत की यह पहली टेस्ट शुभमन गिल के कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. गिल अब तक 32 टेस्ट खेल चुके हैं और उनका औसत 35.05 है, जो उनकी प्रतिभा से थोड़ा कम है. लेकिन उन्होंने अधिकतर टेस्ट मुश्किल पिचों पर खेले हैं,
जहां औसतन टॉप-7 बल्लेबाजों का औसत ही 32.10 रहा है. अब पहली बार कप्तान के तौर पर उतरकर गिल के पास खुद को परिभाषित करने का मौका है. वो भारत के 37वें टेस्ट कप्तान बनने जा रहे हैं और 25 साल 285 दिन की उम्र में भारत के पांचवें सबसे युवा टेस्ट कप्तान भी होंगे.









