
खेल डेस्क । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। वजह है एक वेडिंग कार्ड, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रही हैं। कार्ड पर दोनों के नाम छपे हैं, और यही वजह है कि उनकी शादी की चर्चाएं अचानक जोर पकड़ चुकी हैं। हालांकि इस कार्ड की असलियत अब भी सवालों के घेरे में है।
सोशल मीडिया पर वायरल कार्ड से बढ़ी हलचल
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब मंधाना के नाम से चल रहे एक फैन पेज ने यह कथित वेडिंग कार्ड पोस्ट किया। देखते-ही-देखते पोस्ट पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। फैंस, क्रिकेट प्रेमी और कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने इसे सच मानकर अपनी खुशी जतानी शुरू कर दी।
लेकिन जैसे-जैसे कार्ड फैलता गया, उसकी असलियत पर भी सवाल उठने लगे। कई यूज़र्स का दावा है कि कार्ड डिजिटल एडिट हो सकता है। जबकि कुछ इसे पूरी तरह फर्जी बता रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि ना स्मृति ने और ना ही पलाश ने अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान दिया है।
पलाश के पुराने बयान ने बढ़ाई जिज्ञासा
कार्ड से पहले भी दोनों की शादी को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। इस साल अक्टूबर में इंदौर स्थित स्टेट प्रेस क्लब में हुए एक कार्यक्रम के दौरान पलाश ने मुस्कुराते हुए कहा था- ‘वो जल्द ही इंदौर की बहू बनेंगी… बस इतना ही कह सकता हूं।’ इस बयान को कई लोगों ने रिश्ते की पुष्टि के रूप में देखा, लेकिन शादी पर उन्होंने कुछ स्पष्ट नहीं कहा।
विश्व कप जीत के बाद और बढ़ा चर्चा का बाजार
स्मृति मंधाना ने हाल ही में भारत की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह देश के लिए वनडे में मिथाली राज के बाद दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं। वहीं, पलाश ने भी विश्व कप के बाद स्मृति के साथ कई तस्वीरें शेयर की थीं- एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘क्या मैं अब भी सपना देख रहा हूं?’ इसी तरह एक अन्य फोटो में उन्होंने अपने हाथ पर बने ‘SM18’ टैटू को दिखाते हुए स्मृति के साथ जश्न मनाया था। इन पोस्ट्स ने दोनों के बीच समीपता की कहानी और भी चर्चित कर दी थी।









