वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेला के तहत सरकारी विभागों और संगठनों में भर्ती किए गए लगभग 71,000 लोगों को नियुक्ति पत्र के वितरण के अवसर पर प्रधानमंत्री के भाषण का मूल पाठ

नई दिल्ली (IMNB ) नमस्‍कार! साथियों, ये साल 2023 का पहला रोजगार मेला है। 2023 की शुरुआत उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीदों के साथ हुई है। ये उन 71 हजार परिवारों के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आया है, जिनके सदस्य को सरकारी सेवा करने का अवसर मिला है। मैं सभी युवाओं और उनके परिवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का ये आयोजन सिर्फ सफल उम्मीदवारों में ही नहीं बल्कि करोड़ों परिवारों में आशा की नई किरण का संचार करेगा। आने वाले दिनों में लाखों और परिवारों को सरकारी नौकरी में नियुक्ति मिलने वाली है। केंद्र सरकार के साथ ही एनडीए और भाजपा शासित राज्यों में भी लगातार रोजगार मेले का सिलसिला चल रहा है, आयोजन किया जा रहा है। कल ही, असम सरकार ने रोजगार मेले का आयोजन किया था। मुझे बताया गया है कि आने वाले कुछ ही समय में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड जैसे अनेक राज्‍यों में रोजगार मेले होने वाले हैं। निरंतर हो रहे ये रोजगार मेले अब हमारी सरकार की पहचान बन गए हैं। ये दिखाता है कि किस तरह हमारी सरकार जो संकल्प लेती है, उसे सिद्ध करके दिखाती है। आपको याद होगा, पिछले साल धनतेरस के पावन अवसर पर पहले रोजगार मेले का आयोजन हुआ था। आज, मुझे रोजगार मेले में सरकारी सेवा पाने वाले कुछ युवा साथियों से बातचीत करने का भी मौका मिला। उनके चेहरे पर खुशी और संतोष का भाव साफ दिख रहा है। उनमें से ज्यादातर बहुत ही सामान्य परिवार के सदस्‍य हैं। और उनमें कई ऐसे युवा हैं, जो पूरे परिवार में, पिछली पांच पीढ़ी में सरकारी सेवा, सरकारी नौकरी पाने वाले परिवार के पहले सदस्य हैं। उन्हें खुशी सिर्फ इस बात की नहीं है कि उन्हें सरकारी सेवा करने का, सरकारी नौकरी करने का मौका मिला है। उन्हें इस बात का भी संतोष है कि पारदर्शी और स्पष्ट भर्ती प्रक्रिया होने की वजह से उनकी योग्यता का सम्मान हुआ है। आप सबने भी इस बात को महसूस किया होगा कि भर्ती प्रक्रिया में व्यापक बदलाव हुआ है। केंद्रीय सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में ज्यादा…