
जशपुरनगर 03 जून 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिला जशपुर में 31 मई से 06 जून 2026 तक विश्व तम्बाकू निषेध सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति आम जन को जागरूक करना तथा जिले में तम्बाकू की खपत को कम करना है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जीपीएम महाविद्यालय की छात्राओं के मध्य रंगोली, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के मध्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से आम जन को तम्बाकू से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान, कैंसर के खतरे तथा तम्बाकू नियंत्रण कानूनों के संबंध में जानकारी दी गई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कोटपा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 535 प्रकरणों में 01 लाख 450 रुपये की चालानी कार्यवाही की गई। वर्तमान वर्ष में आज दिनांक तक 98 प्रकरणों में 19600 की चालानी कार्यवाही की जा चुकी है। यह कार्यवाही पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, खाद एवं औषधि प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रवर्तन दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार की जा रही है। तम्बाकू सेवन की लत से ग्रसित व्यक्तियों के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय जशपुर में विशेष सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 3004 व्यक्तियों ने उपचार का लाभ लिया जबकि 1 अप्रैल 2026 से आज दिनांक तक 647 व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया है। जिला चिकित्सालय में सीओपीएम एवं सीओएचबी जांच, साइकोथेरेपी परामर्श तथा आवश्यक औषधियों की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम जन से अपील की गई है कि वे स्वयं तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।









