
जशपुरनगर 26 जून 2026/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) से नव-नियुक्त 7 डिप्टी कलेक्टरों ने विगत 24 जून 2026 को मैदानी प्रशिक्षण के तहत जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड का दौरा किया।
छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा (रायपुर) द्वारा आयोजित इस परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा अधिकारियों को ग्रामीण विकास और जमीनी स्तर की प्रशासनिक चुनौतियों से रूबरू कराना है।
कृषि अर्थव्यवस्था और बागवानी का किया अध्ययन:-
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों ने मनोरा क्षेत्र में विशेष रूप से की जा रही सेव (Apple) और नाशपाती (Pear) के बागानों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्थानीय किसानों और उद्यानिकी विशेषज्ञों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जाना कि किस तरह जशपुर की विशिष्ट और ठंडी जलवायु का लाभ उठाकर यहाँ सफल बागवानी की जा रही है।
भ्रमण दल में निम्न अधिकारी रहे शामिल:-
जशपुर प्रवास पर आए प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टरों में श्री रविशंकर वर्मा, सुश्री निधि प्रधान, सुश्री नंदनी साहू, श्री मनीष बघेल, श्री सौरभ दीवान, श्री लखेश्वर यादव और श्री सत्येन्द्र कुमार बंजारे शामिल थे।









