
राजनांदगांव 18 अगस्त 2026। आयुष विभाग द्वारा डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम टप्पा (तेलीटोला) में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न आयुष एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई। शिविर में स्त्री रोग, बाल रोग, उदर रोग, चर्म रोग सहित अन्य रोगों से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं एनसीडी क्लिनिक के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया। रोगियों को आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।
शिविर में 228 बच्चों को स्वर्णप्राशन की सुविधा प्रदान की गई। साथ ही रोगानुसार योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में परामर्श दिया गया। ग्रामीणों को नि:शुल्क आयुष काढ़ा वितरित कर इसके लाभों की जानकारी दी गई। आयुर्वेदिक दिनचर्या, संतुलित आहार-विहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जन-जागरूकता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा से 361, होम्योपैथी चिकित्सा से 73 तथा एनसीडी स्क्रीनिंग से 46 ग्रामीण लाभान्वित हुए। शिविर में विभिन्न आयुष एवं स्वास्थ्य सेवाओं से कुल 708 ग्रामीण लाभान्वित हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, ग्राम के गणमान्य नागरिक, आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. हर्ष कुमार, डॉ. शोबी खान, डॉ. अनमोल गुप्ता, डॉ. आलोक कल्चुरी, फार्मासिस्ट फिरोज खान, संजय सिंह, अलख राम सिन्हा, टीनू दीवान, औषधालय सेवक सोमकांत चंद्राकर, राधा अहिरवार, भोगराम चन्द्रवंशी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








