
बैठक में चेयरमैन मिश्रा एवं कलेक्टर व्यास द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि पुस्तिका का उद्देश्य केवल जानकारी प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि जिले की विकास यात्रा, प्रशासनिक प्रयासों, उपलब्धियों एवं भावी संभावनाओं को समग्र दृष्टिकोण से प्रदर्शित करना है। विशेषज्ञों को उनके दायित्वों, लेखन की शैली, तथ्यात्मक सटीकता, डेटा स्रोतों, प्रस्तुतीकरण की रूपरेखा एवं समय-सीमा के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। सभी विशेषज्ञों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विषयों पर सारगर्भित, विश्लेषणात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं, जिससे पुस्तिका निर्माण का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया जा सके।प्रस्तावित पुस्तिका में जशपुर जिले के ऐतिहासिक, भौगोलिक एवं भू-गर्भिक स्वरूप, जनजातीय समाज, परंपरागत जीवनशैली, कला-संस्कृति एवं विशिष्ट रीति-रिवाजों का समावेश किया जाएगा। साथ ही सामाजिक विकास, मानव संसाधन की स्थिति, केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का परिदृश्य, वनोपज आधारित आजीविका, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की प्रगति को भी विस्तृत रूप से दर्शाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त रिपोर्ट में पर्यटन संभावनाएं, औद्योगिक विकास की दिशा, अधोसंरचना, खेल गतिविधियां, कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध संस्थानों की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की संभावनाएं, साथ ही जिले में किए जा रहे प्रशासनिक एवं विकासात्मक नवाचारों को भी शामिल किया जाएगा। यह पुस्तिका नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं एवं प्रशंसकों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोगी सिद्ध होगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस पुस्तिका के तैयार होने से जशपुर जिले की विकास गाथा को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलेगी तथा जिले से संबंधित सूचनाओं का संगठित, प्रामाणिक एवं दीर्घकालिक दस्तावेजीकरण संभव हो सकेगा। यह पहल न केवल जिले की उपलब्धियों को उजागर करेगी, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं के लिए भी ठोस आधार प्रदान करेगी।
भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की भूमिका एवं कार्य –
भारतीय लोक प्रशासन संस्थान देश में लोक प्रशासन, सुशासन एवं सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्था है। आईआईपीए का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना, शासन प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर शोध एवं प्रशिक्षण के माध्यम से नीति-निर्माण में सहयोग प्रदान करना है। यह संस्थान केंद्र एवं राज्य सरकारों के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है, विकास एवं गवर्नेंस से संबंधित शोध अध्ययन करता है तथा विभिन्न राज्यों और जिलों के लिए नीति-आधारित रिपोर्ट एवं दस्तावेज तैयार करता है। जशपुर जिले में “गवर्नेंस एंड डेवलपमेंट रिपोर्ट” का निर्माण इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसके माध्यम से स्थानीय विकास को राष्ट्रीय संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा।








