
अम्बिकापुर 16 मार्च 2026/ केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 के अंतर्गत सोमवार को कक्षा 5वीं के गणित विषय की परीक्षा जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिले के कुल 1563 परीक्षा केंद्रों में आयोजित इस परीक्षा में प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर गठित विशेष निरीक्षण दलों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। गणित विषय की परीक्षा के लिए कुल 16 हजार 665 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16 हजार 607 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 58 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत संतोषजनक रहा है। शिक्षा विभाग ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई।









