
होटल अमलतास – आत्मनिर्भर महिलाओं की देशभर में चर्चा और सराहना
भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महिला सशक्तिकरण की मंशा का जीवंत उदाहरण है पचमढ़ी का होटल अमलतास। पिछले 6 माह में ही महिलाओं द्वारा संचालित इस होटल की देशभर में चर्चा हो रही है। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का नवाचार-होटल अमलतास’, महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
गत वर्ष 6 दिसंबर 2024 को प्रारंभ हुई अमलतास होटल का संपूर्ण स्टाफ महिलाएं हैं। मप्र पर्यटन विभाग के इस शानदार नवाचार ने महिलाओं के प्रति समाज की सोच बदली है। होटल में महिला गार्ड से लेकर, कुक, गार्डनर, शेफ, चौकीदारी, मैनेजर सहित अन्य 22 महिला कार्यरत हैं। यह होटल न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रहा है साथ ही सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण भी उपलब्ध करा रहा है जहाँ महिलाएं प्रभावी नेतृत्व कर रही हैं।
पर्यटकों को घर जैसी सुविधाएं
अमलतास होटल की मैनेजर ज्योति जयसवाल कहना है कि “जिस तरीके से महिलाएं घर को संभालती हैं, उसी तरह हम लोगों ने होटल को सजा संवारकर और सुंदर बनाकर रखा है। जिससे कोई भी पर्यटक यहां आए तो वह खुश होकर जाए। इस होटल को पूरी तरह से महिलाएं चला रही हैं। पर्यटकों को घर की तरह ही सारी सुविधाएं दी जाती है। वेटर सुनीता शर्मा बताती है कि “हमें यहां घर जैसा माहौल लगता है। सभी पर्यटकों को भी घर जैसा खाना मिलता है। उन्हें भी यहां घर जैसा ही फील होता है और हमें भी कार्य करने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नही आती”। अमलतास होटल की शेफ कुंती ने बताया कि “यह होटल प्योर वेज होटल है। यहां साउथ इंडियन खाना भी मिलता है। टूरिस्ट भी हमारे खाने की तारीफ करते हैं। यहां की खास डिस बड़ा सांभर, इडली और डोसा है।









