
अंबिकापुर 11 फरवरी 2026/ मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर अजीत वसंत एवं पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच एवं डोम, बैठक व्यवस्था, ग्रीन रूम, कलाकारों हेतु व्यवस्था, रूट चार्ट, पार्किंग, विभागीय स्टॉल, हितग्राहियों को सामग्री वितरण, लोकार्पण भूमिपूजन स्थल, मेला स्थल, हेलिपैड, बोटिंग प्वाइंट सहित अन्य तैयारियों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। कलेक्टर वसंत ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गरिमामयी ढंग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने कहा। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी अभिषेक जोगवत, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित सम्बंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







