
अम्बिकापुर 18 अगस्त 2026/ शिशु संरक्षण माह का आयोजन जिले में 18 अगस्त से 24 सितम्बर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ आज मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा डॉ. पी.एस. मार्को द्वारा किया गया।
शिशु संरक्षण माह के दौरान 09 माह से 05 वर्ष तक की आयु के बच्चों को निर्धारित अंतराल पर विटामिन ‘ए’ की खुराक दी जाएगी। साथ ही बच्चों को आयरन सीरप सप्ताह में दो बार मंगलवार एवं शुक्रवार को लगातार छह माह तक पिलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं एवं एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को भी आवश्यकतानुसार आयरन की गोलियां प्रदान की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित समय पर विटामिन ‘ए’ एवं आयरन सीरप अवश्य पिलाएं, ताकि बच्चों में पोषण की कमी एवं एनीमिया की रोकथाम की जा सके। उन्होंने जिले के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र बच्चों को विटामिन ‘ए’ एवं आयरन सीरप की खुराक से लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए शिशु संरक्षण माह महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से बच्चों में विटामिन ‘ए’ एवं आयरन की कमी को दूर करने के साथ-साथ उनके स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी.के. सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी, सीपीएम डॉ. सीमा तिग्गा, संभागीय यूएनडीपी अधिकारी श्री अंकित वर्मा, श्री सुरेश एक्का, श्री संजय पाण्डेय, श्री राजेन्द्र साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









