
रूपसेरा में पोषण माह का हुआ आयोजन
एकीकृत बाल विकास परियोजना लोदाम के पतराटोली सेक्टर अंतर्गत आने वाले आंगनबाड़ी केंद्र रूपसेरा में मंगलवार को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत पोषण माह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव की गर्भवती माताओं को विभागीय योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि के संबंध में बताया गया। इसके अतिरिक्त ऐसी महिलाएं जिनके आधार कार्ड 10 वर्ष या उससे पुराने हैं उन्हें अपना बायोमेट्रिक अपडेट करवाने तथा ऐसे बच्चे जिनके आधार कार्ड अब तक नहीं बने हैं, उन्हें अवश्य रूप से अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण माताओं एवं किशोरी बालिकाओं से पोषण एवं स्वास्थ्य जांच तथा साफ-सफाई पर चर्चा की गई तथा पोषक आहार की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गयी। इस अवसर पर किशोरी बालिकाओं को विशेष तौर पर नियमित रूप से अपने हीमोग्लोबिन स्तर की जांच कराने की सलाह भी दी गयी।









