
धमतरी, 31 अक्टूबर 2025।
आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाली अग्नि वीर भर्ती रैली में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को अवसर प्रदान करने हेतु आज जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें धमतरी, कुरूद, नगरी एवं मगरलोड विकासखंडों के प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में जिले में चल रही भर्ती तैयारी की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि चयनित युवाओं के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन हेतु एक मॉनिटरिंग समिति गठित की जाए। उन्होंने कहा कि समिति चयनित युवाओं तक सीधा संपर्क स्थापित कर उन्हें शारीरिक प्रशिक्षण और आवश्यक परामर्श प्रदान करे, ताकि जिले से अधिक से अधिक युवा भर्ती प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने युवाओं के लिए एक आवेदन फॉर्म तैयार करने कहा ताकि इसके माध्यम से वे प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए नामांकन कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षकों से आग्रह किया कि वे युवाओं को फिजिकल एवं मेडिकल परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास कराएं। पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण प्रतिभागियों को आगामी चरणों — फिजिकल और मेडिकल परीक्षा की जानकारी देकर उनका पूर्वाभ्यास कराया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, पूर्व सैनिक जिला अध्यक्ष श्री के.पी. साहू, प्रशिक्षक श्री पीतांबर, श्री नंदेश्वर, श्री जीवन निषाद, श्री समीर गौर, श्री मनहरण नेताम, श्री अखिलेश सिंह, श्री गुलशन साहू, श्री मोहन साहू सहित अन्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे।









