
अम्बिकापुर 10 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला ग्रंथालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पाठकों के लिए समुचित व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से भी बात कर प्रेरित किया और कठिन परिश्रम कर सफलता अर्जित करने शुभकामनाएं दी।
निरीक्षण के दौरान श्री वसंत ने अनुपयोगी पुस्तकों एवं पुराने अखबारों को अपलेखित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संविधान के मूल प्रति का अवलोकन किया तथा कहा कि ग्रन्थालय में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों एवं सदस्यों को संविधान की मूल प्रति का अवलोकन करवाएं। उन्होंने महत्वपूर्ण पुस्तकों को सुरक्षित रखने के लिए बाइंडिंग करवाने कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों हेतु ग्रन्थालय में 5 कम्प्यूटर सिस्टम एवं 2 प्रिन्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बैठने हेतु आवश्यकतानुसार अच्छी कुर्सियां उपलब्ध करायी जाएं। वहीं उन्होंने गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को असुविधा ना हो, इसलिए ग्रन्थालय कक्ष में 4 एयर कंडीशनर लगवाने निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रन्थालय के प्रथम तल में बड़े हॉल निर्माण हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने निर्देशित किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा, ग्रन्थालय के कर्मचारी सहित सर्वसम्बन्धित उपस्थित रहे।








