Ro no D15139/23

सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर व एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

 दुर्घटना संभावित व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता से सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य कराने हेतु किया निर्देशित
राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर कड़ी कार्यवाही करने किया निर्देशित
निर्धारित समय-सीमा में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य करें पूरा: कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई: एसपी श्री सिद्धार्थ तिवारी

कोरबा 04 अगस्त 2026/
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। यातायात नियमों के प्रभावी पालन, विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन,  नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय,  अपर कलेक्टर द्वय श्री देबेन्द्र पटेल, श्री ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों एवं लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है। कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्ययोजना एवं लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने  जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विभागों द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव  प्रस्तुत नही करने पर एसडीओ ब्रिज को नोटिस जारी

कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग में सड़क मरम्मत के लिए  ट्रैफिक डायवर्सन हेतु कमिटी गठन कर वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ईई पीडब्ल्यूडी  को यातायात विभाग से समन्वय कर मार्ग में  सुधार कार्य शीघ्रता से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिस्दा ब्रिज के मरम्मत हेतु समयावधि में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत नही करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीओ लोक निर्माण विभाग सेतु को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग में अवैध रूप से भारी वाहनों के खड़े होने, अतिक्रमण सहित अन्य गतिविधियों पर भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस हेतु बिलासपुर-अंबिकापुर, कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग में  ढाबा, रेस्टोरेंट सहित अन्य स्थानों में अवैध रूप से ट्रकों के खड़े रहने , अतिक्रमण को हटाने की  कार्यवाही सुनिश्चित करने एवं एनएच में यथास्थानों पर भारी वाहन खड़े होने का संकेत बोर्ड प्रदर्शित करने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूल- कॉलेजों में व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों की सहभागिता से हेलमेट रैली, निबंध, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित  सड़क सुरक्षा के प्रति विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

नाबालिग वाहन चालकों पर अभियान चलाकर करें कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक

सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी श्री सिद्धार्थ तिवारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यो की बैठक लेकर उन्हें नाबालिक छात्र – छात्राओं के स्कूल आवागमन में दोपहिया वाहनों के उपयोग पर रोक लगाने एवं संस्थान परिसरों में विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

  • Related Posts

    सोनम वांगचुक के आंदोलन का निःशर्त समर्थन करने वाले छत्तीसगढ़ के एकमात्र नेता थे अमित जोगी — धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा इस संघर्ष की नैतिक विजय है

    रायपुर, 25 जुलाई 2026। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने आज जारी एक बयान में कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा सोनम वांगचुक…

    Read more

    NMEO योजना से किसान ने एक एकड़ में लगाई मूंगफली, बेहतर उत्पादन से बढ़ी आमदनी

    अम्बिकापुर 04 अगस्त 2026/  कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका…

    Read more

    NATIONAL

    Parliament Live : संसद में विपक्ष की रणनीति पर मंथन, खरगे ने INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक बुलाई

    Parliament Live : संसद में विपक्ष की रणनीति पर मंथन, खरगे ने INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक बुलाई

    शुभेंदु अधिकारी से पहले नरेंद्र मोदी से मिले सुदीप बनर्जी, जानें क्या होगा NCPI का भविष्य

    शुभेंदु अधिकारी से पहले नरेंद्र मोदी से मिले सुदीप बनर्जी, जानें क्या होगा NCPI का भविष्य

    LIVE: उत्तर प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र का प्रथम दिवस

    LIVE: उत्तर प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र का प्रथम दिवस

    Parliament Live : राम मंदिर चंदा विवाद पर चर्चा की मांग, कांग्रेस ने राज्यसभा में दिया नोटिस

    Parliament Live : राम मंदिर चंदा विवाद पर चर्चा की मांग, कांग्रेस ने राज्यसभा में दिया नोटिस

    बीजेपी का राहुल गांधी पर वार, साक्षी महाराज बोले- विदेशी नारी से पैदा हुआ बालक राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता

    बीजेपी का राहुल गांधी पर वार, साक्षी महाराज बोले- विदेशी नारी से पैदा हुआ बालक राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता

    आपत्तिजनक टिप्पणी मामला : नाबालिग लड़की को राहत, पीएम मोदी की माफी के बाद केस वापस

    आपत्तिजनक टिप्पणी मामला : नाबालिग लड़की को राहत, पीएम मोदी की माफी के बाद केस वापस