जशपुरनगर 31 मार्च 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास ने विगत दिवस जिले में संचालित विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान सड़क, पुल-पुलिया निर्माण एवं मजबूतीकरण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्वीकृत, पूर्ण, अपूर्ण एवं प्रगतिरत सभी कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विशेष रूप से उन कार्यों पर नाराजगी जताई जो निर्धारित समय से पीछे चल रहे हैं। कलेक्टर ने विलंबित कार्यों के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। कलेक्टर व्यास ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से सीधे आम जनता प्रभावित होती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने एवं फील्ड स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति दोनों सुनिश्चित हो सके।