
जिला अस्पताल की क्षमता बढ़कर होगी 450 बिस्तर, ट्रॉमा सेंटर एवं विशेष इकाइयों का भी होगा विस्तार
नियमित स्वास्थ्य जांच गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती: कलेक्टर
धमतरी, 03 जून 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिला अस्पताल धमतरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचार हेतु आए मरीजों एवं भर्ती रोगियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा परिजनों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला अस्पताल में प्रारंभ की गई “अटल आरोग्य लैब” का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक एवं पूर्णतः स्वचालित प्रयोगशाला के माध्यम से जिले के नागरिकों को 133 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में 94 प्रकार की जांच सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जिनमें सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्माेन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर तथा क्लीनिकल पैथोलॉजी सहित अनेक विशेष जांचें शामिल हैं। आगामी चरणों में शेष जांच सुविधाएं भी प्रारंभ की जाएंगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि अटल आरोग्य लैब की सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नागरिकों से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आग्रह किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के द्वारा प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और विकसित राज्य की आधारशिला होते हैं। इसी उद्देश्य से जिला अस्पतालों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपने जिले में ही बेहतर उपचार और जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला अस्पताल में किए जा रहे विस्तार और आधुनिकीकरण के कार्य इसी प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। आने वाले समय में धमतरी जिला अस्पताल क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित होगा, जहां अत्याधुनिक जांच, उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य अधोसंरचना का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में ट्रॉमा सेंटर का संचालन लगभग पूर्ण हो चुका है तथा उसके दूसरे चरण के अंतर्गत ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं। अस्पताल में वर्तमान स्वीकृत 250 बिस्तरों के अतिरिक्त 200 नए बिस्तरों की वृद्धि की जाएगी, जिससे भविष्य में जिला अस्पताल की कुल क्षमता बढ़कर लगभग 450 बिस्तरों तक पहुंच जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा प्रस्तावित जी-प्लस 5 भवन के निर्माण का कार्य आगामी डेढ़ से दो वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है। कार्य योजना बनाई गयी है । इससे धमतरी सहित आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा अस्पताल पर बढ़ते मरीज भार को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की पृथक विशेष इकाई स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही समयपूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक एचसीयू (हाई केयर यूनिट) की व्यवस्था की जाएगी। वहीं नेत्र रोगियों के उपचार हेतु 40 बिस्तरों वाला पृथक आई हॉस्पिटल भी विकसित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में एम.डी. मेडिसिन, एम.डी. ऑर्थाेपेडिक्स एवं दो पैथोलॉजिस्ट ने सेवाएं प्रारंभ की हैं, वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी पदस्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेषज्ञ स्टाफ एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता निरंतर बढ़ाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लिफ्ट, एमसीएस, ओटी काउंटर तथा अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि शेष निर्माण एवं सुविधा विस्तार कार्यों को आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही ब्लड बैंक यूनिट के उन्नयन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि धमतरी जिले के नागरिकों को अपने जिले में ही आधुनिक, सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न्यूनतम हो और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यू.एल.कौशिक, सिविल सर्जन डॉ.अरूण टोण्डर सहित स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगरनिगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-08/324/ पाराशर









