
खेल डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा अहमदाबाद टेस्ट ढाई दिन में ही खत्म हो गया है। भारत ने यह मुकाबला पारी और 140 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ दो मैचों की सीरीज में भारतीय टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली है। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने इस मैच में 104 रन बनाए और 4 विकेट झटके।
इससे पहले भारत के लिए पहली पारी में केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रविंद्र जडेजा ने शतकीय पारियां खेली थीं। रविंद्र जडेजा ने गेंदबाजी में भी अपना जलवा बिखेरा। भारत ने अपनी पहली पारी तीसरे दिन की शुरुआत से पहले ही घोषित कर दी थी। भारत ने 5 विकेट खोकर 448 रन बनाए थे और 286 रन की बढ़त हासिल की थी। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 146 रन पर ही सिमट गई।
भारत के लिए इस मैच में बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज ने पूरे मैच में 7 विकेट झटके। जबकि कुलदीप यादव ने 4 और रविंद्र जडेजा ने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं जसप्रीत बुमराह को पहली पारी में 3 विकेट मिले थे लेकिन दूसरी पारी में वह विकेट नहीं ले पाए। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा।
रवींद्र जडेजा बने प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय ऑलराउंडर और उपकप्तान रविंद्र जडेजा को अहमदाबाद टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। उन्होंने इस मैच की पहली पारी में शतक लगाते हुए 104 रन बनाए। फिर वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में उन्होंने चार विकेट लेकर भी कमाल का प्रदर्शन किया।









