
कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर
धमतरी, 19 मार्च 2026/ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, पोषण स्तर, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बच्चों एवं माताओं के पोषण स्तर तथा विभागीय पोर्टलों में नियमित एवं शुद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए पर्यवेक्षकों को नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कुरूद क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों में कमजोरी पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण ट्रैकर के प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा करते हुए पोषण स्तर में प्रतिमाह हो रहे उतार-चढ़ाव पर असंतोष व्यक्त किया तथा लापरवाही बरतने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चिरायु टीम के साथ समन्वय स्थापित कर कुपोषित बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही “सुपोषित धमतरी अभियान” के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए वीडियो एवं अन्य माध्यमों से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। मातृ वंदना योजना में लक्ष्य पूर्ति के आधार पर जिले के राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना की।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच एवं प्रभावशीलता में सुधार लाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिले के जर्जर एवं मरम्मत योग्य स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने सभी ऐसे केंद्रों का प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर 5 दिनों के भीतर संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), शिशु संरक्षण माह सहित अन्य जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक नोडल अधिकारी श्रीमती कल्पना ध्रुव, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जगरानी एक्का, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रिय कवर, जिला टीकाकरण अधिकारी जे. पी. दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, जिले के चारों विकासखंडों से अधिकारी एवं पर्यवेक्षक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।









