
जशपुरनगर 13 अगस्त 2026/जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार राज्य में 18 अगस्त को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 20 अगस्त 2026 को मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसी तारतम्य में बाढ़ आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने जशपुर जिले में प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जशपुर जिले से डिप्टी कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा जिला स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से सीधे जुड़े। बैठक में जिले के लिए निर्धारित आपदा परिदृश्य जिले में बाढ़ की स्थिति एवं अमोनिया युक्त टैंकर दुर्घटना के अनुरूप की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मयाली डैम में आयोजित होगी मॉक एक्सरसाइज –
जशपुर जिले में प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज का आयोजन मयाली डैम में किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्धारित परिदृश्य के अनुसार अपनी-अपनी जिम्मेदारियों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए। अभ्यास के दौरान संभावित आपदा की स्थिति में राहत, बचाव, उपचार एवं अन्य आवश्यक कार्यवाहियों के संचालन को परखा जाएगा। अमोनिया युक्त टैंकर दुर्घटना जैसे संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा, लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की कार्यप्रणाली को भी अभ्यास में शामिल किया जाएगा। बैठक में आपदा की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था, बचाव एवं राहत दल, अस्पताल एवं चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक मानव संसाधन, एम्बुलेंस, संचार व्यवस्था तथा अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप आवश्यक तैयारी समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन, नगर सेना, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, पंचायत, ऊर्जा, परिवहन एवं खाद्य सहित विभिन्न विभागों की आपदा के दौरान भूमिका और समन्वय को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा मयाली डैम में आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अभ्यास को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।









