
प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन के लिये 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर डिनर का आयोजन किया. पुतिन दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार शाम पहुंचे हैं. पीएम मोदी ने इस दौरान उन्हें एक खास चीज दी.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम 27 घंटे के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. यह दौरा भारत और रूस की लगभग 80 साल पुरानी दोस्ती को और मजबूत करेगा. बदलते अंतरराष्ट्रीय हालात के बावजूद दोनों देशों के रिश्ते हमेशा मजबूत और भरोसेमंद रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक प्रति भेंट की. प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक प्रति भेंट की. गीता की शिक्षाएं दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरणा देती हैं.
पुतिन की भारत यात्रा बहुत खास
भारत इस दौरे को बहुत महत्वपूर्ण मान रहा है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी खुद पालम एयरपोर्ट गए और चार साल बाद भारत आए पुतिन को गले लगाकर उनका स्वागत किया. दोनों नेता एयरपोर्ट से मोदी की कार में साथ बैठे और सीधे प्रधानमंत्री आवास पहुंचे. इससे पहले भी करीब तीन महीने पहले, एससीओ सम्मेलन के बाद चीन के तियानजिन शहर में दोनों एक ही गाड़ी में साथ यात्रा कर चुके हैं.






