
आवास, आजीविका और महिला सशक्तिकरण में धमतरी की प्रगति सराहनीयः केंद्रीय कृषि मंत्री
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज धमतरी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शन के स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, आवास निर्माण और महिलाओं व आदिवासी समुदाय की आजीविका बढ़ाने के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री आवास योजनादृग्रामीण के अंतर्गत जिले में 2016-26 के दौरान स्वीकृत 80,526 में से 56,000 आवास पूर्ण कर 70 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। वर्ष 2025-26 में 132 दिवस का औसत आवास पूर्णता समय देश में सर्वश्रेष्ठ रहा। कमार (PVGT) समुदाय हेतु 1,481 स्वीकृत आवासों में 1,035 आवास पूर्ण किए गए तथा राज्य की पहली कमार आवासीय कॉलोनी ‘मसानडबरा’ में मूलभूत सुविधाओं के साथ 37 आवास निर्माणाधीन हैं। केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के लिए बनाई जा रही इस कॉलोनी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन देवांगन, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, सांसद महासमुंद रूप कुमारी चौधरी, सांसद कांकेर भोजराज नाग, विधायक अजय चन्द्राकर, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा के अलावा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जानकारी देते हुए बताया कि इस कॉलोनी में सभी मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करायी गयी है। इसके साथ ही कॉलोनी को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत् जोड़ने पर भी काम चल रहा है।







