
अम्बिकापुर 14 जुलाई 2026/ नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभाकक्ष में मंगलवार को नामनिर्दिष्ट पार्षदों (एल्डरमैन) का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने नवमनोनीत एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने वाले नामनिर्दिष्ट पार्षदों में श्री करता राम गुप्ता, श्रीमती सावित्री जायसवाल, श्री रमेश जायसवाल, श्री संतोष दास, श्री श्रीधर केसरी, श्री राजबहादुर सिंह एवं श्री शरद सिन्हा शामिल रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने सभी नवमनोनीत पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर विकास, सुशासन एवं जनसेवा में पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए पार्षद शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नामनिर्दिष्ट पार्षद पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ नागरिकों की सेवा करेंगे तथा अम्बिकापुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
समारोह में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, पार्षदगण, श्री भारत सिंह सिसोदिया श्री अनिल सिंह मेजर, श्री ललन प्रताप सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









