
विद्यार्थियों से संवाद कर कलेक्टर ने समझाए नशे के दुष्परिणाम, दिलाई नशामुक्ति की शपथ
धमतरी, 22 अगस्त 2026। “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटकेशर में जिला प्रशासन एवं मेरा युवा भारत धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। नशा इस शक्ति को कमजोर करता है और व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार तथा पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कला, नवाचार, कौशल विकास तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण से जुड़ा संकल्प है।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए नशे की शुरुआत के कारणों, इसके शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों और नशे से बचाव के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अच्छे मित्रों का चयन करने, सकारात्मक संगति अपनाने और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन की स्थिति में दृढ़ता से “नहीं” कहने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लेते हुए अपने सवाल रखे।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के कारण होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती श्रुति डोंगरे ने “मेरा युवा भारत” द्वारा जिले में संचालित “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों सहित विद्यालय के प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा अधिकारी श्रीमती डोंगरे ने कलेक्टर श्री मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया।









