
Kolkata Kumartuli to New York: पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े उत्सव दुर्गा पूजा (Kolkata Durga Puja) में भले ही अभी कुछ महीने बाकी हैं, राज्य की सांस्कृतिक राजधानी कोलकाता के वैश्विक बाजारों में इसकी धमक अभी से सुनाई देने लगी है. विश्वप्रसिद्ध कुम्हारटोली (Kumartuli) की संकरी गलियों में इन दिनों मिट्टी, रंगों और फाइबर की खुशबू के बीच कलाकार दिन-रात विदेशी ऑर्डर्स को पूरा करने में जुटे हैं.
कौशिक घोष ने बनायी है प्रतिमा
इसी कड़ी में कुम्हारटोली के प्रख्यात मूर्तिकार कौशिक घोष (Kaushik Ghosh) द्वारा तैयार की गयी मां दुर्गा की एक बेहद खास और अनूठी प्रतिमा अब सात समंदर पार अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थापित होने जा रही है. यह विशेष प्रतिमा 8 जुलाई को कोलकाता बंदरगाह से जलमार्ग से न्यूयॉर्क रवाना कर दी जायेगी.
5 फीट की प्रतिमा का वजन 17 किलो
लंबे समुद्री सफर और विदेशी दुर्गा पूजा समितियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस प्रतिमा को बेहद आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया है.
- करीब 5 फीट ऊंची इस भव्य प्रतिमा को पारंपरिक गंगा की मिट्टी की बजाय फायर-प्रूफ और शॉक-प्रूफ फाइबर से तैयार किया गया है.
- फाइबर की वजह से पूरी प्रतिमा का कुल वजन 17 किलोग्राम है. इससे लंबी समुद्री यात्रा के दौरान प्रतिमा के टूटने-चटकने का खतरा शून्य हो जाता है. इसे विदेशों में कई सालों तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
- मूर्तिकार कौशिक घोष ने बताया कि न्यूयॉर्क की पूजा समिति से उन्हें 2 महीने पहले ऑर्डर मिला था. उनकी टीम ने डेढ़ महीने की नक्काशी के बाद मां दुर्गा के चेहरे के सौम्य भाव, महिषासुर मर्दिनी रूप, सिंह, अस्त्र-शस्त्र और मुकुट को विशुद्ध बंगाली राजबाड़ी शैली में ढाला है.









