
धुरली और हिरोली में विकास कार्यों की बड़ी सौगात, बस्तर सांसद ने किया भूमिपूजन
*सीएसआर मद से धुरली में 33.60 करोड़ और हिरोली क्षेत्र में 10.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे*
*सड़क, सोलर हाईमास्ट, सोलर ड्यूल पंप और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों का होगा विकास*
रायपुर, 19 जुलाई 2026/ बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने शनिवार को दंतेवाड़ा जिले के ग्राम धुरली और हिरोली में एनएमडीसी लिमिटेड, किरंदुल कॉम्प्लेक्स के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। धुरली में 33 करोड़ 60 लाख रुपये तथा हिरोली क्षेत्र में लगभग साढ़े 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत हुई।
*धुरली में 33.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन*
ग्राम धुरली में सड़क निर्माण, सोलर हाईमास्ट, सोलर ड्यूल पंप और स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि सीएसआर और जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का उपयोग क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पिछड़े और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
*बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाना है*
श्री महेश क
श्यप ने कहा कि बस्तर में सड़क, रेल, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाना है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के साथ ही विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।
*हिरोली, समलवार और चोलनार में 17 सीसी सड़कें और सोलर सुविधाएं*
ग्राम हिरोली में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री महेश कश्यप ने आदर्श ग्राम हिरोली, समलवार और चोलनार में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में 17 सीसी सड़कें, 15 सोलर हाईमास्ट, 24 सोलर ड्यूल पंप और 3 सोलर स्ट्रीट लाइट शामिल हैं।
*क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल*
सांसद ने कहा कि लंबे समय तक विकास से वंचित रहे इन ग्रामीण क्षेत्रों में अब सड़क, पेयजल, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ सीएसआर और डीएमएफ मद के माध्यम से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
*एनएमडीसी स्थानीय विकास और खेल गतिविधियों को देगा बढ़ावा*
कार्यक्रम में एनएमडीसी के महाप्रबंधक कोड़ली श्रीधर ने एनएमडीसी द्वारा सीएसआर मद से किए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी जानकारी दी गई।
*जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया आभार*
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी और उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए बस्तर सांसद और एनएमडीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तिलेश्वरी नागेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एनएमडीसी के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।









