
जशपुरनगर 08 अगस्त 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन के तहत संचालित समस्त कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को प्राथमिकता में रखकर गुणवत्ता पूर्ण और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पानी के सोर्स पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने का मिशन सफलता के साथ पूरा हो।
उन्होंने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के समस्त कार्यों को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और गड़बडी पाए जाने पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातीय बसाहटों में जल जीवन मिशन के कार्यों को प्राथमिकता में रखकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता श्री समर बहादुर सिंह सहित एसडीओ और अन्य अधिकारी मौजूद थे।








