
जगदलपुर 12 जून 2025/ ट्राइफूड परियोजना भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय के ट्राइफेड द्वारा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से जिला प्रशासन की सहायता से क्रियान्वित किया जाना है। ट्राइफूड का उद्देश्य आदिवासी वन संग्रहकर्ताओं द्वारा एकत्र किए गए लघु वनोपजों के बेहतर उपयोग और मूल्य संवर्धन के माध्यम से आदिवासियों की आय में वृद्धि करना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने जगदलपुर शहर के नजदीक सेमरा स्थित ट्राइफेड के ट्राईफुड पार्क के सभाकक्ष में बैठक लेकर ट्राईफुड पार्क के संचालन के लिए विस्तृत चर्चा की। ज्ञात हो कि ट्रायफेड द्वारा 8.20 करोड़ की लागत से सेमरा जगदलपुर में ट्राईफूड पार्क तैयार कर लिया गया है इसका सकल क्षेत्रफल लगभग 21.55 एकड़ है, जिसमें 4.36 एकड़ में प्लाट स्थापित है।
गृहमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर के मूल निवासियों का सहकारी समिति बनाकर फूड पार्क के लिए रॉ मटेरियल सप्लाई की व्यवस्था करें। फूड पार्क में इमली, महुआ, आम, काजू, साल-बीज जैसे स्थानीय उत्पाद को प्रोसेसिंग में प्राथमिकता दें। बैठक में संस्थान के संचालन करने वाले का चयन करने के लिए कमेटी बनाने पर चर्चा किया गया और उपस्थिति जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संचालन के लिए अलग-अलग सुझायें मॉडल पर भी चर्चा किए।
वन मंत्री ने कहा कि युनिट को संचालन के लिए प्रोफेशनल टीम की आवश्यकता होगी। उन्होंने अन्य राज्यों में ट्राइफेड द्वारा संचालित या अन्य संस्था के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रसंस्करण की जानकारी लेकर विस्तृत कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस प्रकार के फिल्ड में काम करने वालों को प्राथमिकता देंने की बात कही। बैठक में चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह, ट्राईफेड के पूर्व एमडी श्री प्रवीण कृष्णा, बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री हरिस एस, एसपी श्री शलभ कुमार सिन्हा सहित ट्राईफेड के डिप्टी जनरल श्रीमती ममता शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभाकर खदाने सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









