
धमतरी, 19 अप्रैल 2026 (IMNB NEWS AGENCY) जिला अस्पताल धमतरी स्थित ‘हमार लैब’ की सीबीसी मशीन में आई तकनीकी खराबी को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद स्वास्थ्य विभाग ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि मशीन के सुधार की कार्यवाही तेजी से की जा रही है और मरीजों की सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जा रही हैं।
विभाग के अनुसार, मशीन में खराबी की जानकारी मिलते ही संबंधित निर्माण कंपनी को तत्काल सूचित किया गया था। कंपनी के तकनीशियन द्वारा मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसे सोमवार, 20 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान आवश्यक जांच जैसे हीमोग्लोबिन एवं प्लेटलेट की जांच वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से की जा रही है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 28 प्रकार की जांच पूरी तरह प्रभावित होने की बात तथ्यात्मक नहीं है।
लैब के सुचारू संचालन के लिए HLL लाइफ केयर कंपनी द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया है। भविष्य में मशीनों एवं उपकरणों के नियमित संधारण की जिम्मेदारी भी इसी संस्था को सौंपी गई है।
रीजेंट्स की उपलब्धता के संबंध में विभाग ने बताया कि आवश्यक रीजेंट्स की मांग पूर्व में भेजी गई थी, जिनमें से कुछ प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शेष की आपूर्ति प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा अन्य उपकरणों के निरीक्षण के लिए ‘वेनगार्ड’ कंपनी के विशेषज्ञों का विजिट भी प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि वर्तमान में लैब में वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे मरीजों की जांच और उपचार कार्य निरंतर जारी है तथा किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि मशीन को जल्द ही पुनः चालू कर दिया जाएगा और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी संधारण व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
// पाराशर//







