Ro no D15139/23

बे-मौसम की बरसात से भारी नुकसान, जानें अगले पांच दिन कैसा रहेगा झारखंड का मौसम

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड के कई हिस्सों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. खासकर जमशेदपुर में पिछले दो दिनों से मौसम का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. मंगलवार को पूरे दिन आसमान में आंशिक बादल छाये रहे. हालांकि बादलों के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रहा. वहीं रात का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा. हवा में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा. अधिकतम आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज की गई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को भी शहर में बादलों का असर बना रहेगा और एक स्पेल मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

 

धनबाद में बारिश से ट्रांसफॉर्मर खराब

धनबाद में सोमवार को हुई बारिश ने बिजली व्यवस्था को भी प्रभावित किया. शहर के आधा दर्जन इलाकों में ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने से लोगों को करीब 24 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के अधिकारियों के अनुसार, सरायढेला के नूतनडीह, बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड के पास, विशुनपुर नाला, भूली, मनईटांड़ और वासेपुर इलाके में लगे ट्रांसफॉर्मर बारिश के कारण खराब हो गये थे. सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह विभाग की टीम ने खराब ट्रांसफॉर्मरों को पोल से उतारकर मरम्मत के लिए टीआरडब्ल्यू भेजा. दिन भर मरम्मत कार्य के बाद शाम तक नये ट्रांसफॉर्मर लगाये गये. चार्जिंग के बाद देर रात अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल की गई.

गोड्डा के लिए 72 घंटे का मौसम अलर्ट

गोड्डा जिले के लिए मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों का विशेष बुलेटिन जारी किया है. बदलती हवाओं और बादलों के प्रभाव के कारण उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जना और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) गोड्डा के मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद राजेश ने बताया कि अगले तीन दिनों तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की गति 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. अगले दो दिनों तक पूरब दिशा से हवा चलेगी, जबकि इसके बाद पश्चिमी हवा बहने की संभावना है. गोड्डा में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है.

 

पटमदा में मूसलाधार बारिश से सब्जी किसानों की चिंता बढ़ी

सब्जी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध पटमदा क्षेत्र में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. एक ओर इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में पानी भर जाने से सब्जी की फसलों को नुकसान का खतरा पैदा हो गया है. बानतोड़िया, बांसगढ़, चुड़दा, जोड़सा, लोवाडीह और कमलपुर जैसे गांवों में किसान साल भर खेती के लिए कुआं, तालाब और नदियों पर निर्भर रहते हैं. इस साल भी किसानों ने बड़े पैमाने पर खीरा, तरबूज, लौकी, टमाटर और भिंडी की खेती की है. किसान अनूप महतो ने बताया कि उन्होंने चार एकड़ जमीन में टमाटर की खेती की है. पौधों में अच्छी पैदावार हो रही थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया है. इससे फसल सड़ने का खतरा बढ़ गया है. किसान पौधों को बचाने के लिए उन्हें लकड़ी की खूंटी से बांधकर जमीन से ऊपर रखने का प्रयास कर रहे हैं.

गोविंदपुर में बारिश से ईंट भट्ठा उद्योग को नुकसान

गोविंदपुर प्रखंड के मुर्गाबनी और आसपास के गांवों में सोमवार शाम हुई बारिश ने ईंट भट्ठा संचालकों को भी नुकसान पहुंचाया. बारिश के कारण कच्ची ईंटें भीगकर खराब हो गईं. भट्ठा संचालकों के अनुसार लाखों रुपये की कच्ची ईंटें बर्बाद हो गईं, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है. मजदूरों की मेहनत भी बारिश में बेकार चली गई.

घाटशिला में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित

घाटशिला क्षेत्र में देर रात हुई भारी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. एक ही रात की बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख स्थानों पर जलजमाव हो गया. ढोड़ाडीह पेट्रोल पंप और साहू अपार्टमेंट के पास मुख्य सड़क पर पानी भर जाने से स्कूली बच्चों और इंदिरा मार्केट स्थित कौशल केंद्र के छात्रों को आवागमन में भारी परेशानी हुई. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क निर्माण के समय ड्रेनेज की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया. फूलडुंगरी से कॉलेज रोड तक जल निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है. गोपालपुर स्थित शिव मंदिर के पास जलजमाव देखा गया, वहीं बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में भी पानी और कीचड़ घुस गया.

चितरा में आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह

देवघर जिले के चितरा प्रखंड के फौजदार बांक गांव में सोमवार देर शाम आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. कई एकड़ में लगी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. किसानों के अनुसार खीरा, भिंडी, मिर्ची, गेहूं, कोहड़ा, कद्दू और करेला जैसी फसलें खराब हो गईं. गांव के करीब 150 किसानों ने लगभग 200 एकड़ जमीन में विभिन्न फसलें लगाई थीं, जो प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ गईं. किसानों का कहना है कि खेती में उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी थी. अब फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. किसानों ने प्रशासन से जांच कर आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने की मांग की है

अगले पांच दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के कई जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है. रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, पलामू, गढ़वा और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि इस दौरान कई इलाकों में आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना भी बनी रहेगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के इस दौर में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

  • Related Posts

    रांची के पहाड़ी मंदिर समेत शिवालयों में उमड़ेगी भीड़, जानें सावन सोमवार और नाग पंचमी पूजा का विशेष महत्व

    Naag Panchami 2026: नाग पंचमी और सावन की तीसरी सोमवारी का विशेष संयोग सोमवार को बन रहा है. लंबे समय बाद बने इस संयोग को धार्मिक दृष्टि से बेहद खास…

    Read more

    15 अगस्त पर Instagram Post को बनाएं यादगार, तिरंगे वाली फोटो के लिए देखें 25+ कैप्शन

    15 August Instagram Captions: स्वतंत्रता दिवस हर भारतीय के लिए गर्व और खुशी का दिन है. इस खास मौके पर लोग तिरंगे के साथ फोटो क्लिक करते हैं और उसे सोशल…

    Read more

    NATIONAL

    रांची के पहाड़ी मंदिर समेत शिवालयों में उमड़ेगी भीड़, जानें सावन सोमवार और नाग पंचमी पूजा का विशेष महत्व

    रांची के पहाड़ी मंदिर समेत शिवालयों में उमड़ेगी भीड़, जानें सावन सोमवार और नाग पंचमी पूजा का विशेष महत्व

    15 अगस्त पर Instagram Post को बनाएं यादगार, तिरंगे वाली फोटो के लिए देखें 25+ कैप्शन

    15 अगस्त पर Instagram Post को बनाएं यादगार, तिरंगे वाली फोटो के लिए देखें 25+ कैप्शन

    पाकिस्तान में कैसे ‘जिहाद’ बना State Policy? General Zia ने 1979 में बदली रणनीति, तैयार हुआ ‘Proxy War’ का मॉडल

    पाकिस्तान में कैसे ‘जिहाद’ बना State Policy? General Zia ने 1979 में बदली रणनीति, तैयार हुआ ‘Proxy War’ का मॉडल

    होर्मुज पर ट्रंप की ‘स्टील की दीवार’ वाले दावे को ईरान ने नकारा, कहा- शर्तें माने अमेरिका तभी खुलेगा रास्ता

    होर्मुज पर ट्रंप की ‘स्टील की दीवार’ वाले दावे को ईरान ने नकारा, कहा- शर्तें माने अमेरिका तभी खुलेगा रास्ता

    2007 वाला करिश्मा दोहराएंगी मायावती? यूपी में अखिलेश-योगी के बीच BSP का ‘कमबैक प्लान’ तैयार!

    2007 वाला करिश्मा दोहराएंगी मायावती? यूपी में अखिलेश-योगी के बीच BSP का ‘कमबैक प्लान’ तैयार!

    रवि किशन के ‘मौन व्रत’ पर CM योगी की चुटकी, दावत का जिक्र कर मंच से पूछ लिया ऐसा सवाल… सब रह गए हैरान

    रवि किशन के ‘मौन व्रत’ पर CM योगी की चुटकी, दावत का जिक्र कर मंच से पूछ लिया ऐसा सवाल… सब रह गए हैरान