
स्वतंत्रता की 80 वीं वर्षगांठ पर रायपुर में गूंजेंगी सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति धुनें
रायपुर,11 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस की 80वीं पावन वर्षगांठ के सुअवसर पर राजधानी रायपुर का कोना-कोना ‘वंदे मातरम्’ और ‘आजादी का महोत्सव’ के संगीतमय स्वरों से सराबोर होने जा रहा है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) महानिदेशालय के दिशा-निर्देशों के तहत ग्रुप केन्द्र सीआरपीएफ, रायपुर द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और मॉल में एक भव्य एवं आकर्षक ‘बैंड डिस्प्ले’ कार्यक्रम की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। 7 अगस्त से शुरू हुआ यह देशभक्ति पूर्ण संगीतमय सफर 15 अगस्त तक शहरवासियों को राष्ट्रीय भावना के अनूठे रंग में रंगता रहेगा।
*जनता में देशभक्ति के प्रति एक नया उत्साह फूंकने का प्रयास*
जवानों के उत्कृष्ट बैंड दस्ते द्वारा प्रस्तुत की जा रही मनमोहक धुनों के माध्यम से जहाँ एक ओर देश के वीरों के शौर्य और बलिदान को नमन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आम जनता में देशभक्ति के प्रति एक नया उत्साह फूंकने का प्रयास हो रहा है। कार्यक्रम की रूपरेखा इस तरह तय की गई है कि शहर के अधिक से अधिक लोग इस गौरवमयी आयोजन के साक्षी बन सकें। सेरीखेड़ी में 12 अगस्त को जोरा मॉल में शाम 4 से 5 बजे तक खरीदारी और मनोरंजन के लिए आए परिवारों को देशप्रेम के गानों से मंत्रमुग्ध किया जाएगा। मोंटेसरी स्कूल जीसी में 13 अगस्त को सुबह 10 से 10:30 बजे तक विशेष बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 14 एवं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या तथा मुख्य पर्व पर अटल नगर स्थित बालको मेडिकल सेंटर में शाम 4 से 5 बजे तक राष्ट्रभक्ति धुनों का भव्य समापन होगा।
ग्रुप केन्द्र सीआरपीएफ रायपुर के कमान्डेंट आशीष यादव ने राजधानी की समस्त प्रबुद्ध जनता, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों से इस गरिमामयी आयोजन में भारी संख्या में शामिल होकर जवानों का उत्साहवर्धन करने और स्वतंत्रता के इस पावन पर्व को एक साथ मिलकर यादगार बनाने का आह्वान किया है।









