
– विधानसभा अध्यक्ष ने सिंगदई में 35 लाख रूपए की लागत से निर्मित जिला निषाद समाज छात्रावास भवन का किया लोकार्पण*
*- विधानसभा अध्यक्ष ने सिंगदई में सीसी रोड निर्माण, महिला घाट एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण की घोषणा की*
*- विधानसभा अध्यक्ष ने समाज की मांग पर छात्रावास भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की घोषणा की*
राजनांदगांव 27 जून 2026। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज राजनांदगांव शहर के सिंगदई में 35 लाख रूपए की लागत के जिला निषाद केंवट सामाजिक भवन छात्रावास का लोकर्पण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने स्थानीय विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने सिंगदई वार्ड में सीसी रोड निर्माण, सिंगदई में शिवनाथ नदी तट पर महिला घाट एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही समाज की मांग पर छात्रावास में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की राशि की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता से होती है। उन्होंने कहा कि समाज जब केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित न रहकर भावी पीढ़ी के भविष्य के लिए छात्रावास, शिक्षा और अन्य सुविधाओं का निर्माण करता है, तब वह विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि लगभग 35 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित जिला निषाद केंवट सामाजिक छात्रावास भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने समाज को बधाई देते हुए कहा कि इस भवन का उपयोग छात्राओं की शिक्षा के लिए छात्रावास के रूप में किया जाएगा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में समाज को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज का विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। रामायण काल में निषादराज और भगवान श्रीराम के बीच की आत्मीयता सामाजिक समरसता और समानता का श्रेष्ठ उदाहरण है। वैदिक काल से लेकर आज तक निषाद समाज ने देश की सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि समाज का संगठन जितना मजबूत होगा, उतनी ही तेजी से समाज के युवाओं और आने वाली पीढिय़ों का भविष्य उज्ज्वल होगा। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढऩे कहा।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि निषाद समाज संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाला समाज है तथा समाज की एकता और संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने निषाद समाज सहित विभिन्न वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया है तथा मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों के विकास के लिए अलग मंत्रालय का गठन कर समाज के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि समाज का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर निरंतर आगे बढऩा होना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह हमेशा निषाद समाज के विकास के लिए अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। सांसद श्री पाण्डेय ने नवनिर्मित जिला निषाद केंवट सामाजिक भवन की सराहना करते हुए कहा कि भवन का निर्माण अत्यंत सुंदर और उपयोगी ढंग से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गुण्डरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि निषाद समाज पूरे प्रदेश में शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज का लक्ष्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में आगे बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से जिला स्तर पर छात्रावासों की स्थापना की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में नवनिर्मित जिला निषाद केंवट सामाजिक भवन को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग श्री नेहरू निषाद, जिला अध्यक्ष निषाद समाज श्री दु्रपत कुमार निषाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री मनोहर निषाद, श्री गिरधर लाल निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।









