
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया छत्तीसकला ब्राण्ड एवं डिजिटल फाइनेंस बुकलेट का किया विमोचन
ग्रामीण आजीविका, महिला उद्यमिता और वित्तीय समावेशन को नई दिशा देने वाला बुधवार का दिन धमतरी जिले के इतिहास में महत्वपूर्ण बन गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त के राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम के अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, अध्यक्ष छत्यीसगढ़ विधानसभा डॉ रमन सिंह,उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बहुप्रतीक्षित एकीकृत राज्य ब्राण्ड ‘छत्तीसकला’ एवं डिजिटल फाइनेंस बुकलेट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में हजारों ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
ग्रामीण महिला उत्पादों को मिली एकीकृत पहचान – ‘छत्तीसकला’ ब्राण्ड का शुभारंभ
राज्य सरकार एवं छत्तीसगढ़ ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) द्वारा शुरु किए गए ‘छत्तीसकला’ ब्राण्ड के माध्यम से ग्रामीण गरीब महिलाओं द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों को एक ही मंच पर बाजार उपलब्ध होगा। इस ब्राण्ड के अंतर्गत मिलेट आधारित खाद्य सामग्री, चाय, अचार, स्नैक्स, हस्तनिर्मित ढोकरा शिल्प, बांस एवं लकड़ी उत्पाद, हैंडलूम, अगरबत्ती एवं पूजा सामग्री जैसे विविध उत्पादों का मानकीकरण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि छत्तीसकला ब्राण्ड ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता का वैश्विक पहचान पत्र बनेगा।
बीसी सखियों की सफलता पर आधारित डिजिटल फाइनेंस बुकलेट का विमोचन
कार्यक्रम में राज्यभर की 48 बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट सखियों की उपलब्धियों और प्रेरक कहानियों को संजोने वाली डिजिटल फाइनेंस बुकलेट का विमोचन किया गया। वर्तमान में छत्तीसगढ़ की 3775 बीसी सखियाँ घर-घर जाकर बैंकिंग सेवाएँ प्रदान कर रही हैं और पिछले चार वर्षों में 3033.48 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय लेन-देन सुनिश्चित किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो महिलाएँ कभी घरों से बाहर निकलने में संकोच करती थीं, आज वही वित्तीय सेवाओं की स्तंभ बन चुकी हैं और ग्रामीण परिवर्तन की आधारशिला हैं।







