
एसडीएम ने प्राचार्यों की बैठक लेकर नामांकन, छात्र मार्गदर्शन और आगामी कार्ययोजना पर दिए आवश्यक निर्देश
बालिकाओं की उच्च शिक्षा को मिलेगा संबल, ₹30 हजार छात्रवृत्ति की जानकारी पहुंचाने के निर्देश
कुरूद, 21 अगस्त 2026। कुरूद अनुविभाग में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कुरूद श्री नभ सिंह की अध्यक्षता में अनुविभाग अंतर्गत संचालित सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालयों में छात्र नामांकन, प्रवेश प्रक्रिया, अधोसंरचना, शैक्षणिक संसाधनों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना की जानकारी छात्राओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को ₹30,000 की वार्षिक छात्रवृत्ति की योजना के संबंध में व्यापक जानकारी दी जाए, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी छात्रा उच्च शिक्षा से वंचित न हो। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता की जानकारी भी छात्राओं को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा एवं करियर के बेहतर विकल्पों की जानकारी देने के लिए ‘वन-पेजर’ तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसमें विभिन्न शैक्षणिक संकायों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों की संक्षिप्त जानकारी शामिल की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को समय रहते अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की दिशा चुनने में सहायता मिलेगी।
उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक शनिवार महाविद्यालयों के प्राध्यापकों का विशेष रोस्टर तैयार कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। प्राध्यापक विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी देंगे।
बैठक में वर्तमान शैक्षणिक सत्र की नामांकन एवं प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महाविद्यालयों में कक्ष-कक्ष, पेयजल, स्वच्छता, पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा कर अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
एसडीएम श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी महाविद्यालयों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कुरूद विकासखंड में उच्च शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने तथा महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं छात्र-केंद्रित बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।









