
छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए की सहायता मिलेगी अजीम प्रेमजी फाउण्डेशन से
अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक मिल सकेगी छात्रवृत्ति
रायपुर, 20 अगस्त 2026/ आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की उच्च शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा छात्राओं के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति शुरू की गई है। छात्रवृत्ति के तहत पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। डिग्री पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार छात्रवृत्ति 2 से 5 वर्षों तक मिल सकेगी। इस प्रकार पात्र छात्राओं को अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक की सहायता प्राप्त हो सकती है।
फाउंडेशन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिस्थितियों के कारण छात्राओं की उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग शिक्षा शुल्क सहित पढ़ाई पूरी करने से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।
2026-27 में दो चरणों में होंगे आवेदन
वर्ष 2026-27 के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति कार्यक्रम का तीसरा चरण संचालित किया जा रहा है। इसमें 19 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। पात्र छात्राओं से आवेदन दो चरणों में लिए जाएंगे। पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक तथा दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।
इन छात्राओं को मिलेगा लाभ
निर्धारित पात्रता के अनुसार कक्षा 10वीं या 12वीं में किसी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्राएं आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान अथवा चयनित निजी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले डिग्री पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं भी इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान छात्राओं को पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, शैक्षणिक अंकसूची तथा प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट एवं रंगीन प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
आवेदन के लिए पहले पंजीकरण कर छात्रवृत्ति पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से आवेदन पहचान संख्या प्राप्त होगी। अंतिम तिथि से पहले आवेदन में आवश्यक सुधार कर उसे पुनः जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
पात्र छात्राओं से आवेदन की अपील
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने पात्र छात्राओं से निर्धारित अवधि में आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ लेने की अपील की है। छात्रवृत्ति की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
फाउंडेशन ने छात्राओं को केवल आधिकारिक माध्यमों से ही आवेदन करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि छात्रवृत्ति आवेदन के किसी भी चरण में बैंक खाते अथवा ओटीपी की जानकारी लेने के लिए फोन या संदेश के माध्यम से संपर्क नहीं किया जाता है और छात्रवृत्ति के लिए किसी प्रकार का साक्षात्कार भी आयोजित नहीं किया जाता है।









