
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। कलेक्टर विलास भोसकर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान ग्राम केपी, तहसील लुण्ड्रा निवासी छात्र बदरी, पिता स्वर्गीय रूपचंद गिरी, अपनी दादी श्रीमती बुधवारी गिरी के साथ उपस्थित हुआ। छात्र ने स्कूल एवं छात्रावास में प्रवेश के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री भोसकर ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा को छात्र के स्कूल एवं छात्रावास में प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर की पहल पर छात्र बदरी का सेजस स्कूल गांधीनगर एवं गांधीनगर छात्रावास में मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट एडमिशन कर दिया गया। छात्र एवं उनके परिजन ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग का आभार प्रकट किया।
जनदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने राजस्व, राशन, आवास, स्वास्थ्य, बिजली, भूमि विवाद, पेंशन, पानी एवं सड़क से संबंधित समस्याएँ रखीं। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए,गंभीर एवं आपात स्तर के मामलों को तत्काल प्राथमिकता दी जाए,आवेदकों को समाधान की पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, अमित लाल ध्रुव, नगर निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









