
राजनांदगांव 22 अगस्त 2026। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय रायपुर एवं केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोडऩे 23 अगस्त 2026 को सुबह 10.30 बजे एबिस ग्रीन्स रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे रायपुर नाका राजनांदगांव में पत्रकार वार्तालाप एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अधीक्षक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रायपुर श्री अनिल कुमार, वरिष्ठ पत्रकार प्रियंका कौशल, प्राध्यापक व विभागाध्यक्ष हिंदी विभाग दिग्विजय कॉलेज श्री शंकर मुनि राय वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान पत्रकारिता का अतीत और वर्तमान विषय पर भी विशेष संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम में नशामुक्ति, युवा शक्ति और विकसित भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त युवा और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।









