
*- ग्राम में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की*
*- विश्व पर्यावरण दिवस एवं एसडब्ल्यूएम नियम 2026 के तहत ग्राम मुड़पार में विशेष ग्रामसभा आयोजित*
*- ग्रामसभा में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के संबंध में की गई चर्चा*
राजनांदगांव 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़पार में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, राज्य सलाहकार (एसबीएम-जी) श्रीमती अभिलाषा आनंद शामिल हुए। विशेष ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सतत ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत ने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत ने ग्राम में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने गांव में अधिक पौधरोपण, नालियों पर सुरक्षा जाल अथवा ढक्कन लगाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित ग्राम वातावरण निर्माण करने कहा। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर परिवार बिजली व्यय में कमी ला सकते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने ग्राम मुड़पार के ग्रामीणों को अधिक से अधिक योजना से लाभान्वित के लिए प्रोत्साहित किया। जिससे बिजली बिल शून्य होगा और अधिक बिजली का उत्पादन कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं आगामी कार्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। राज्य सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद ने स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, पुर्नचक्रण एवं उसके पर्यावरणीय तथा आर्थिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। ग्रामसभा में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं सतत ग्रामीण विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने कहा गया। ग्रामीणों ने ग्राम को स्वच्छ, हरित एवं आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया। ग्राम सभा में जनपद पंचायत सीईओ श्री मनीष साहू ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) श्री फैज मेमन ने जल रक्षा मिशन एवं जिला समन्वयक डॉ. छोटेलाल साहू ने स्वच्छता के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।









