
जशपुरनगर 24 मार्च 2026/ कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन लिमिटेड, गृह निर्माण मंडल एवं सेतु विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उनके विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण, अपूर्ण, अप्रारंभ तथा प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने सभी कार्यों की वर्तमान स्थिति को अनिवार्य रूप से गूगल शीट में दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रत्येक निर्माण स्थल पर जानकारी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे आम नागरिकों को कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। साथ ही सेतु विभाग को निर्माण के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं रेडियम अनिवार्य रूप लगाने हेतु निर्देशित भी किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण करने के लिए भी कहा, ताकि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ गति भी बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत अधोसंरचना निर्माण कार्यों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण करें, इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी और योजनाओं के संचालन में भी सुगमता आएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









