
धमतरी, 13नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) धमतरी में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार 03 नवम्बर से 12 नवम्बर 2025 तक दिव्यांग व्यक्तियों हेतु 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कुल 25 हितग्राहियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को ई-रिक्शा संचालन, ट्रायसिकल मरम्मत, एवं उद्यमिता विकास से संबंधित व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। उन्हें प्रशिक्षण प्रमाण पत्र सौंपे गए ।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी श्री खेमराज साहू द्वारा प्रतिभागियों को यातायात नियमों, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाए गए, जिससे वे स्वरोजगार के अवसरों से सीधे जुड़ सकें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, डिप्टी डायरेक्टर समाज कल्याण विभाग डॉ. मनीषा पांडे, लीड बैंक अधिकारी श्री इन्द्र कुमार टिलवानी, तथा आरसेटी निदेशक श्री आशीष समुएल लकड़ा सहित संस्थान के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।









